हरियाणा की मनमानी पर सख्त हुए विधायक अमित चाचाण, मुख्य सचिव से मिलकर उठाया नोहर फीडर का मुद्दा
नोहर, 10 जुलाई। नोहर विधायक अमित चाचाण ने शुक्रवार को राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से मुलाकात कर नोहर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विशेष रूप से नोहर फीडर से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
विधायक ने मुख्य सचिव को बताया कि हरियाणा सरकार ने राजस्थान की अनुमति के बिना राजस्थान की स्वामित्व वाली भूमि पर ड्रेनेज का पानी छोड़ने के उद्देश्य से निर्माण कार्य करवा दिया है। उन्होंने इस निर्माण को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग करते हुए कहा कि यह दोनों राज्यों के बीच हुए समझौते का उल्लंघन है, जिससे क्षेत्र के किसानों में भारी रोष है।
अमित चाचाण ने कहा कि यदि इस निर्माण के माध्यम से ड्रेनेज का पानी नोहर फीडर में छोड़ा गया तो इसका सीधा असर क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ेगा। उन्होंने मामले में लापरवाही बरतने वाले स्थानीय सिंचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।
विधायक ने यह भी बताया कि हरियाणा से लंबे समय से नोहर फीडर को निर्धारित सिंचाई पानी नहीं मिल रहा है, जिससे किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं और पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। उन्होंने हरियाणा से समझौते के अनुसार पूरा पानी उपलब्ध कराने की मांग रखी। मुख्य सचिव ने विधायक को बताया कि इस मामले में हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव को पत्र लिखा जाएगा राजस्थान सरकार संपूर्ण मामले को लेकर गंभीर है
इसके बाद विधायक ने जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार से भी मुलाकात कर हरियाणा द्वारा राजस्थान की भूमि पर किए गए निर्माण को हटाने तथा हरियाणा सरकार को नियमों का पालन करने के लिए पाबंद करने की मांग की।