आबकारी विभाग की अवैध मदिरा के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
80 लीटर कच्ची शराब व 15000 कि.ग्रा. महुआ लाहन किया गया बरामद
===============================================================
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध आज बड़ी कार्रवाई की गई। आबकारी वृत्त छिंदवाड़ा क्रमांक 01 एवं 02 की टीम ने ग्राम मेढ़कीताल, गंगई, रोहाना खुर्द एवं सोमाढाना के नदी, नालों तथा जंगल क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 05 चढ़ी हुई भट्टियां, 80 लीटर महुआ निर्मित कच्ची शराब तथा 15,000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया, जिसे विधिवत नष्ट किया गया। इस संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(च) के तहत 06 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
कार्रवाई के दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री जी.एल. मरावी, वृत्त प्रभारी एवं आबकारी उपनिरीक्षक श्री नरेंद्र नागेश, आबकारी मुख्य आरक्षक श्री लक्ष्मीचंद तथा आबकारी आरक्षक श्री राजकुमार सैयाम एवं सुश्री सोनाली बरकड़े उपस्थित थे।