नवरात्रों में धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए कर्ण गिलहोत्रा, मां के चरणों में झुकाया शीश
फाजिल्का समाचार/सोनू वर्मा,19 अक्तूबर(फाजिल्का):
फाजिल्का में मां दुर्गा के पावन नवरात्रों के दौरान कर्ण गिलहोत्रा फाउंडेशन के संचालक कर्ण गिलहोत्रा ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने साधु आश्रम मंदिर में मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित मां की पावन चौकी में विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने मां भगवती की पूजा-अर्चना कर ज्योति प्रज्ज्वलित की, कंजक पूजन किया और भजन-कीर्तन का आनंद लिया। इसके अलावा उन्होंने सिद्ध श्री दुर्गियाना मंदिर और सिद्ध श्री हनुमान मंदिर में भी माथा टेककर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। रविवार को साधु आश्रम में आयोजित डांडिया कार्यक्रम में भी कर्ण गिलहोत्रा विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने माता चिंतपूर्णी लंगर एवं जागरण सोसाइटी द्वारा मां का गुणगान करने के लिए किए जा रहे धार्मिक प्रयासों की सराहना करते हुए संस्था के सदस्यों को बधाई दी। इस अवसर पर साधु आश्रम मंदिर कमेटी और माता चिंतपूर्णी लंगर एवं जागरण सोसाइटी की ओर से कर्ण गिलहोत्रा को मां की पावन चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया। धार्मिक आयोजनों में उनकी उपस्थिति से श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।