रायपुर उपखंड क्षेत्र में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने ब्यावर जिले की दो ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाएं मिलने पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार पंचायत समिति रायपुर की ग्राम पंचायत झाला की चौकी में मंत्री ने ग्रामीणों से प्रतिदिन झाड़ू लगने और कचरा संग्रहण की व्यवस्था के बारे में पूछताछ की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नियमित रूप से सफाई नहीं होती है और कचरा उठाने के लिए पंचायत की ओर से कोई वाहन नहीं आता। इस पर मंत्री ने पूरे गांव में पैदल भ्रमण कर स्थिति का निरीक्षण किया। गलियों में गंदगी के ढेर देखकर उन्होंने मौके पर ही अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल को सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।