स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत जिला चिकित्सालय पौड़ी में शुक्रवार से तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले दिन 424 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निःशुल्क लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को अपने ही जनपद में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे उन्हें समय और धन दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की।