देवास नगर निगम ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम की टीम ने लाल गेट से शुक्रवारिया हाट और मिर्जा बाखल क्षेत्र तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए। दुकानों के बाहर लगी तिरपाल, बरसाती और अन्य अवरोधकों को हटाया गया, जिससे आवागमन में हो रही परेशानी दूर हो सके। निगम अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण यातायात लगातार बाधित हो रहा था, इसलिए यह कार्रवाई की गई। कई दुकानदारों को शाम तक स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने साफ कहा कि तय समय के बाद भी अतिक्रमण मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने बताया कि यह अभियान शुक्रवार को भी जारी रहेगा और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।