002
प्रैस नोट-जिला पलवल
दिनांक 15 जून 2026
*एसपी पलवल श्री नीतीश अग्रवाल के कुशल निर्देशन में थाना हथीन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मृतक बुजुर्ग के नाम पर फर्जी तरीके से पेंशन हड़पने वाला मुख्य आरोपी CSP संचालक पर कसा शिकंजा।*
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक पलवल श्री नीतीश अग्रवाल आईपीएस के निर्देशानुसार धोखाधड़ी और आर्थिक अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हथीन पुलिस ने एक ऐसे जालसाज को गिरफ्तार किया है, जो एक मृत बुजुर्ग के खाते से फर्जी तरीके से लगातार बुढ़ापा सम्मान पेंशन निकाल रहा था। आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहिद निवासी अंधरोला, थाना हथीन, जिला पलवल के रूप में हुई है,
थाना हथीन प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार के अनुसार जिला समाज कल्याण अधिकारी पलवल श्री वीरेन्द्र सिंह द्वारा मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) फरीदाबाद की गुप्त सूचना के आधार पर एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच में सामने आया कि ग्राम अंधरोला निवासी श्री अय्यूब खान की मृत्यु 05 जुलाई 2021 को हो चुकी थी। इसकी सूचना विभाग को न देकर, आरोपी CSP संचालक मोहम्मद शाहिद ने फर्जी तरीकों और धोखाधड़ी का सहारा लिया।
आरोपी ने मृतक अय्यूब खान के खाता में सरकार द्वारा भेजी जा रही बुढ़ापा सम्मान पेंशन राशि को दिनांक 23.10.2022 से 14.08.2025 के बीच अवैध रूप से विभिन्न माध्यमों से निकाला। इस अवधि के दौरान आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में कुल ₹1,47,375 की सरकारी राशि हड़प ली। इस पर आईपीसी की धारा 420 सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
थाना हथीन प्रभारी ने बताया कि ASI अभिषेक कुमार की विवेचना टीम ने कार्रवाई करते हुए दिनांक 14.06.2026 को पुख्ता सबूतों के आधार पर आरोपी मोहम्मद शाहिद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने रिकॉर्ड के तहत आरोपी के CSP सेंटर से जुड़े दस्तावेज, बैंक स्टेटमेंट आदि महत्वपूर्ण साक्ष्य कब्जे में लिए गए हैं।
आरोपी से अन्य वारदात बारे गहन पूछताछ, वारदात में इस्तेमाल किया गया लैपटॉप, प्रिंटर और एल-जीरो (L0) बायोमेट्रिक मशीन, धोखाधड़ी से निकाले गए रुपयों को बरामद करने हेतू आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।
Palwal, Palwal | Jun 15, 2026