#गाजीपुर में उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष रामलाल यादव के प्रथम आगमन पर सिंचाई चौराहा पर कर्मचारियों ने जोरदार स्वागत किया। रामलाल यादव को महासंघ के प्रांतीय अधिवेशन में निर्विरोध प्रांतीय अध्यक्ष चुना गया है। स्वागत के बाद उन्होंने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर शासन स्तर पर संघर्ष की बात कही। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली, आठवें वेतन आयोग का लाभ, वेतन विसंगतियां दूर करने, चतुर्थ श्रेणी भर्ती पर लगी रोक हटाने और पंचायती राज विभाग के सफाई कर्मचारियों की सेवा नियमावली बनाने की मांग उठाई। इसके साथ ही संविदा और आउटसोर्सिंग पर रोक लगाने तथा संविदा कर्मियों का न्यूनतम मानदेय 28 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की। उन्होंने विभागों में लिपिक संवर्ग की लंबित पदोन्नति और पदस्थापना की कार्रवाई जल्द पूरी करने तथा एनपीएस से आच्छादित सेवानिवृत्त कर्मचारियों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति का लाभ देने की मांग रखी। रामलाल यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई के लिए दिसंबर 2026 में दिल्ली के जंतर-मंतर पर कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें कर्मचारियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसी भी कर्मचारी का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। #GhazipurNews