साधु की कुल्हाड़ी और डंडों से पीटकर हत्या,अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
*बांदा।* -कोतवाली नगर क्षेत्र के तिन्दवारा गांव में एक साधु की धारदार हथियार और डंडों से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने भाई की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तिन्दवारा निवासी चिन्तामणि पुत्र स्व. राधेलाल ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया कि उनके भाई 68 वर्षीय संत सच्चिदानन्द पर शनिवार देर रात 1:30 बजे अज्ञात लोगों ने कुल्हाड़ी और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गए। जीवित होने की आशंका पर परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां मृत घोषित कर दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई। प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाने, हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।घटनास्थल के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
Banda, Banda | Jun 21, 2026