मेकरा स्कूल में अवैध वसूली पर भड़के अभिभावक, पुलिस के हस्तक्षेप से शांत हुआ हंगामा
मेकरा: उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मेकरा में नामांकन शुल्क के नाम पर हुई अवैध वसूली और विद्यालय में व्याप्त भारी कुव्यवस्था को लेकर शुक्रवार को अभिभावकों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। स्कूल परिसर में जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
ग्रामीणों और छात्रों का आरोप है कि विद्यालय प्रशासन द्वारा 11वीं कक्षा के नामांकन शुल्क के नाम पर सरकार द्वारा निर्धारित राशि से 50 रुपये अधिक वसूले जा रहे हैं। जब छात्रों ने इसका विरोध किया, तो प्रबंधन ने उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और स्कूल से निकालने तक की धमकी दी। प्राचार्या के खौफ का आलम यह था कि कई छात्र मीडिया के सामने भी कुछ बोलने से डरते नजर आए।
नामांकन में अवैध वसूली के अलावा विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं का भी घोर अभाव है। छात्रों ने बताया कि स्कूल में लड़के और लड़कियों दोनों को एक ही शौचालय का उपयोग करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। शौचालय में न तो दरवाजे हैं और न ही सफाई की कोई व्यवस्था; वहां से उठती असहनीय बदबू और गंदगी के बीच पढ़ाई करना दूभर हो गया है।
प्राचार्या का रुख:
हंगामे और मामले को तूल पकड़ता देख विद्यालय की प्राचार्या ने निर्धारित नामांकन शुल्क से अधिक पैसे वसूलने की बात तो स्वीकार कर ली, लेकिन आई-कार्ड (I-Card) के नाम पर किसी भी तरह की अवैध वसूली से साफ इनकार कर दिया।
लगातार मिल रही शिकायतों से आहत होकर पैक्स अध्यक्ष अरविंद राय, विनोद राय और सरपंच प्रतिनिधि उमेश प्रसाद के नेतृत्व में दर्जनों अभिभावक और ग्रामीण शुक्रवार को स्कूल पहुंचे थे। पुलिस और स्थानीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किसी तरह मामले को शांत कराया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषी प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई करने और स्कूल की स्थिति में जल्द सुधार की मांग की है।
#Mokama
Mokameh, Patna | Aug 1, 2026