#तहबाजारियों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान, 10 अगस्त को जेल भरो, 11 व 13 को नगर निगम का घेराव
शिमला। रेहड़ी-फड़ी तहबाजारी यूनियन (सीटू) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। कालीबाड़ी हॉल में आयोजित यूनियन की आम सभा में तय किया गया कि 10 अगस्त को देशव्यापी जेल भरो आंदोलन में बड़ी संख्या में सदस्य भाग लेंगे, जबकि 11 अगस्त को नगर निगम आयुक्त और 13 अगस्त को महापौर का घेराव किया जाएगा।
सभा को संबोधित करते हुए सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा सहित अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट, 2014 के प्रावधानों की अनदेखी कर वर्षों से रोज़गार कर रहे तहबाजारियों का उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के रेहड़ी-फड़ी वालों को हटाया जा रहा है, जो कानून और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के विपरीत है।
यूनियन ने सभी पात्र तहबाजारियों का सर्वे कर पंजीकरण, वेंडिंग सर्टिफिकेट जारी करने, वेंडिंग जोन विकसित करने, मनमानी फीस व जुर्माने की वसूली बंद करने तथा जब्त सामान लौटाने की मांग उठाई। नेताओं ने कहा कि नगर निगम ने पूर्व में किए गए आश्वासनों को भी लागू नहीं किया है। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
Shimla Urban, Shimla | Aug 7, 2026