सेवा संकल्प अभियान 2026: सेवा की कहानी
स्टार्टअप और नवाचार से रोजगार सृजन की ओर बढ़ रहे युवा, अग्रणी महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने साझा किए उद्यमिता के अनुभव
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत 'सफलता की कहानी, युवाओं की जुबानी' श्रृंखला में आज हम बात कर रहे हैं, पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर के इन्क्यूबेशन सेंटर से जुड़े युवा उद्यमियों की, जो स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से स्वरोजगार एवं रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। सूक्ष्म एवं लघु उद्योग विभाग, सागर तथा RAMP योजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में अग्रणी महाविद्यालय के इन्क्यूबेशन सेंटर ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यशाला में विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों को स्टार्टअप की अवधारणा, नवाचार आधारित व्यावसायिक विचारों के विकास, बाजार अनुसंधान, बिजनेस मॉडल तैयार करने और उद्यम संचालन के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में इन्क्यूबेशन सेंटर विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्वरोजगार और नवाचार से जोड़ने के लिए प्रयासरत है। कार्यशाला में सेंटर से जुड़े स्टार्टअप विशेषज्ञ एवं स्टार्टअप इंडिया के मेंटर शुभम दुबे ने मुख्य वक्ता के रूप में युवाओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नौकरी तलाशने वाले के बजाय रोजगार देने वाला बनने के लिए प्रेरित किया तथा सफल स्टार्टअप स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।
युवा उद्यमियों ने साझा किए अपने अनुभव
कार्यशाला में इन्क्यूबेशन सेंटर से जुड़े पुनीत राजपूत, महक श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास्तव, श्वेत अधव, विवेक कामया, अंकित अहिरवार एवं सहयोग सिंह गौड़ ने सहभागिता की। इन युवा उद्यमियों ने अपने स्टार्टअप के उद्देश्य, कार्यप्रणाली, उत्पादों, सेवाओं और व्यावसायिक अनुभवों को साझा किया। उनकी प्रस्तुतियों और व्यावहारिक अनुभवों से कार्यशाला में शामिल सागर के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को उद्यमिता की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता के नेतृत्व में महाविद्यालय विद्यार्थियों को शासन की स्वरोजगार एवं नवाचार आधारित योजनाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। कार्यशाला में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सफल व्यवसायियों तथा सूक्ष्म एवं लघु उद्योग विभाग और RAMP योजना के अधिकारियों के साथ हुए संवाद से विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।
#jansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026