बांका में अवैध बालू खनन पर होगी बड़ी कार्रवाई, डीएम ने दिए 24×7 निगरानी और सख्त छापेमारी के निर्देश
बांका: जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जुलाई माह की जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि पिछले माह की तुलना में इस माह लगभग ₹4 करोड़ अधिक राजस्व वसूली हुई है। जिले के 14 नीलामित बालूघाटों में से फिलहाल 5 घाट संचालित हैं, जबकि शेष घाटों के संचालन की प्रक्रिया जारी है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि पिछले वित्तीय वर्ष के पहले चार महीनों में अवैध खनन एवं परिवहन के मामलों में 57 वाहन जब्त किए गए थे, जबकि इस वित्तीय वर्ष की समान अवधि में यह संख्या बढ़कर 128 वाहन हो गई है।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध बालू खनन से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों में संबंधित थानों के साथ समन्वय स्थापित कर माइक्रो-लेवल पर कार्ययोजना बनाते हुए औचक और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से अमरपुर, रजौन, धोरैया, शंभुगंज, बाराहाट और बांका अंचल में 24×7 चेक पोस्ट स्थापित कर निगरानी रखने की योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
खान निरीक्षकों को प्रतिदिन छापेमारी कर अवैध बालू परिवहन में संलिप्त वाहनों को जब्त करने तथा प्रत्येक सप्ताह संबंधित थानों के साथ बैठक कर संयुक्त कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि चौकीदारों के माध्यम से अवैध खनन में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रस्ताव भेजें तथा उनकी जानकारी जिला खनन कार्यालय से भी साझा करें।
इसके अलावा, अवैध बालू खनन से जुड़े माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, राजसात प्रक्रिया के तहत लंबित जब्त वाहनों की शीघ्र नीलामी, विभिन्न विभागों द्वारा खनन कटौती से संबंधित प्रतिवेदन प्रत्येक माह की 15 तारीख तक जिला खनन कार्यालय को भेजने तथा शंभुगंज स्थित पत्थर भूखंड की अगस्त माह में नीलामी के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, जिला खनन पदाधिकारी, सभी खान निरीक्षक तथा विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
Amarpur, Banka | Jul 28, 2026