#बालाघाट
डायरिया रोको अभियान के तहत गांवों में हैंडपंपों का सुधार, पेयजल स्रोतों का किया गया क्लोरीनीकरण
डायरिया रोको अभियान के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) बालाघाट के उपखंड परसवाड़ा, बालाघाट, कटंगी एवं बैहर विकासखंड की टीमों द्वारा ग्राम लिंगा, चंदना, लामता, बुढ़ियागाँव, टेकाडी (क), चिचगाँव एवं बिरवा में पेयजल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान विभागीय अमले ने गांवों का भ्रमण कर खराब पड़े हैंडपंपों का सुधार कार्य कराया, जिससे ग्रामीणों को निर्बाध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही सुधारे गए हैंडपंपों सहित गांव के सभी हैंडपंपों में जर्मेक्स डालकर क्लोरीनीकरण किया गया। विभाग के अनुसार क्लोरीनीकरण से पानी में मौजूद हानिकारक कीटाणुओं का नाश होता है, जिससे डायरिया सहित अन्य जलजनित बीमारियों की आशंका कम होती है। अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग के प्रति जागरूक करते हुए पानी को छानकर एवं ढककर रखने तथा स्वच्छता संबंधी सावधानियां अपनाने की अपील भी की गई।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि डायरिया रोको अभियान के तहत जिले के विभिन्न गांवों में पेयजल स्रोतों की नियमित निगरानी, हैंडपंपों का रखरखाव एवं क्लोरीनीकरण का कार्य निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
#CMMadhyaPradesh #minphemp #JansamparkMP #healthminmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 7, 2026