वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर कुरुक्षेत्र में मंचित होगा नाटक युग परिवर्तन, राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन
----------
कला कीर्ति भवन में 15 जुलाई को होगा नाटक ‘युग परिवर्तन’ का मंचन, कुरुक्षेत्र के कलाकार दिखाएंगे प्रतिभा
--------
कुरुक्षेत्र, 12 जुलाई। वंदे मातरम् राष्ट्र गीत की सार्धशती के उपलक्ष्य और महाकवि कालिदास जयंती के गरिमामयी अवसर पर कुरुक्षेत्र की पावन धरा एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक आयोजन होने जा रहा है। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की स्वायत्त संस्था संगीत नाटक अकादेमी, नई दिल्ली द्वारा राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का मुख्य केंद्र बिंदु युवा रंगमंच से राष्ट्र जागरण का संकल्प है। एक ही दिन एक ही समय पर देशभर में लगभग 150 नाटकों का मंचन होगा, जिसमें लगभग 4000 रंगकर्मी अपनी प्रतिभा दिखाएगें। यह जानकारी न्यू उत्थान थियेटर ग्रुप के अध्यक्ष नीरज सेठी ने दी। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र वासियों के लिए हर्ष का विषय है कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में हरियाणा से चुने गए दो दलों में कुरुक्षेत्र की सक्रिय नाट्य संस्था न्यू उत्थान थियेटर ग्रुप को भी अपना नाटक मंचित करने का अवसर मिला है। हरियाणा कला परिषद के सहयोग से बुधवार 15 जुलाई को कुरुक्षेत्र के कला कीर्ति भवन में शाम 6 बजे विकास शर्मा के लेखन और निर्देशन में नाटक युग परिवर्तन, वंदे मातरम की हुंकार का मंचन किया जाएगा। न्यू उत्थान थियेटर ग्रुप, कुरुक्षेत्र द्वारा तैयार किए गए नाटक युग परिवर्तन की तैयारियां जोरों पर चल रही है। हिन्दी भाषा में तैयार 65 मिनट का यह नाटक दर्शकों को देश प्रेम, राष्ट्रीय चेतना और इतिहास के अनछुए पहलुओं से रूबरू कराएगा। सेठी ने बताया कि कार्यक्रम सही समय पर प्रारम्भ होगा तथा लाईव प्रस्तुति के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोग नाटक का आनंद ले सकते हैं।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Jul 12, 2026