मुरैना। जिले के सुमावली थाना क्षेत्र के अटूपुरा गांव में रविवार को एक ही परिवार के चाचा-ताऊ के बेटों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सुमावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष गुर्जर समाज से हैं और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस फायरिंग के कारणों और पूरे विवाद की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।