सुपौल में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष चालक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, 20 चालकों ने लिया प्रशिक्षण,
सुपौल में शनिवार को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय, सुपौल द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर आधारित एक दिवसीय विशेष चालक प्रशिक्षण कार्यक्रम का पुनः आयोजन किया गया। बिहार सड़क सुरक्षा परिषद एवं परिवहन विभाग, पटना के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 20 चालकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान चालकों को यातायात नियमों का पालन, सड़क संकेतों की पहचान, निर्धारित गति सीमा, सीट बेल्ट एवं हेलमेट के महत्व तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से होने वाले खतरों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ओवरस्पीडिंग के दुष्परिणामों और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों पर भी विशेष चर्चा की गई।
प्रतिभागियों को सड़क दुर्घटना की स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, प्राथमिक उपचार, गुड सेमेरिटन प्रावधान, पैदल यात्रियों के अधिकार एवं सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। आधुनिक वाहन सुरक्षा तकनीकों से भी उन्हें अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी चालकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। साथ ही राज्य सरकार की योजना के तहत प्रशिक्षित चालकों को 200 रुपये की प्रोत्साहन राशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन स्वामियों से अधिक से अधिक चालकों को प्रशिक्षण में भेजने की अपील की।
Supaul, Supaul | Jun 20, 2026