👉#पुवायां में युवा बैठक का शुभारंभ, युवाओं ने उठाईं शिक्षा और बेरोजगारी की समस्याएं
---- युवाओं के शोषण के खिलाफ आवाज बनेंगे राम जी अवस्थी, हक और अधिकारों की लड़ाई को देंगे मजबूती
----जिले के प्रत्येक ब्लॉक, गांव और कस्बे तक पहुंचेगी पहल, युवाओं से किया जाएगा सीधा संवाद
शाहजहांपुर। युवाओं की समस्याओं, सुझावों और उनकी आवाज को उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई पहल 'युवा बैठक – युवाओं की बात, युवाओं के साथ' का शुभारंभ पुवायां ब्लॉक से किया गया। इस क्रम में पहली युवा बैठक डाक बंगला, पुवायां में आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रतिभाग कर शिक्षा, बेरोजगारी, युवा प्रतिनिधित्व और युवाओं के साथ हो रहे अन्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।कार्यक्रम के संयोजक राम जी अवस्थी एडवोकेट ने कहा कि आज का युवा अनेक समस्याओं और चुनौतियों से जूझ रहा है। शिक्षा महंगी होती जा रही है, रोजगार के अवसर सीमित हैं और युवाओं को उचित प्रतिनिधित्व भी नहीं मिल पा रहा है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि युवा अपने साथ हो रहे शोषण और अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज नहीं उठा पा रहा है। हमारा प्रयास ऐसे युवाओं की आवाज बनना, उन्हें एक मंच देना और उनकी समस्याओं को मजबूती से संबंधित अधिकारियों एवं सरकार तक पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक बैठक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के प्रत्येक ब्लॉक, गांव और कस्बे तक पहुंचकर युवाओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। युवा अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर रखें, हम उनकी आवाज को बुलंद करने और उनके अधिकारों की लड़ाई में साथ खड़े रहने का काम करेंगे।युवा नेता आशीष तिवारी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि आज युवाओं के सामने रोजगार, शिक्षा और भविष्य को लेकर अनेक चुनौतियां हैं। इन समस्याओं का समाधान तभी संभव है, जब युवा जागरूक होकर संगठित होंगे और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएंगे।बैठक में उपस्थित युवाओं ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि सभी युवा आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों और अपने हक एवं अधिकारों की लड़ाई जारी रखें। यदि आज युवा संगठित होकर अपनी आवाज नहीं उठाएंगे तो आने वाले समय में उनकी समस्याएं और बढ़ती जाएंगी तथा उनकी आवाज कमजोर होती जाएगी।इस अवसर पर प्रमुख रूप से युवा दीपक वर्मा मनोज बाजपेई, वरुण तिवारी,सूरज शुक्ला,वरुण श्रीवास्तव,कमलकांत शुक्ला, पुष्पेंद्र दीक्षित,संजय सक्सेना सूरज प्रजापति,आलोक मिश्रा राम मोहन मिश्रा,आयुष त्रिपाठी अभिनव मिश्रा,उमंग त्रिवेदी, शिवम श्रीवास्तव, अपूर्व पांडेय,प्रभव अग्निहोत्री,रोहित शुक्ला,आयुष कुमार,शिवम यादव,रामजी वर्मा,निहाल एड,शिवांश,जितेंद्र आदि लोग मौजूद रहें।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Nov 17, 2026