शहीद जगतपति कुमार के शहादत दिवस पर ओबरा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, छात्रों ने बनाई 500 मीटर की मानव श्रृंखला
औरंगाबाद:1942 की अगस्त क्रांति में पटना सचिवालय पर तिरंगा फहराते हुए शहीद हुए ओबरा प्रखंड के खरांटी गांव निवासी जगतपति कुमार के शहादत दिवस पर मंगलवार को ओबरा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सड़क दुर्घटना रोकथाम फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वाधान और पुलिस प्रशासन की देखरेख में आयोजित इस यात्रा में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
सुबह खरांटी स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुई यात्रा एनएच-139 बेल रोड, दुर्गा चौक, थाना मोड़ होते हुए फिर स्मारक पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में आगे-आगे डीजे पर देशभक्ति गीत गूंज रहे थे और पीछे 500 मीटर लंबे तिरंगे के नीचे छात्र-छात्राएं मानव श्रृंखला बनाकर "वंदे मातरम", "भारत माता की जय", "शहीद जगतपति कुमार अमर रहे" के नारे लगाते चल रहे थे।
भीषण गर्मी के बावजूद सनराइज एकेडमी, विद्या निकेतन, स्टोन हिल, जूम एकेडमी, आनंद ट्यूटोरियल, मेडिको कोचिंग सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चों में गजब का उत्साह दिखा। स्मारक पर पहुंचकर सेवानिवृत्त शिक्षक लखन पांडेय ने झंडोत्तोलन किया और राष्ट्रगान के साथ शहीद को सलामी दी गई। उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में कृष्णा सिंह स्मृति मंच के उपाध्यक्ष संजय कुमार, भाकपा माले के जिला सचिव मुनारिक राम, मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष उदय नारायण सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, पंचायत समिति सदस्य रंजीत भगत, शिक्षक नेता अजित कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
Madanpur, Aurangabad | Aug 12, 2026