*वित्तमंत्री-सांसद के दखल पर रामलीला दीवार मरम्मत शुरू*
*तीन दिन से चल रहा धरना समाप्त, डीएम ने दिए मरम्मत के निर्देश*
शाहजहांपुर में रविवार दोपहर एक बजे वित्तमंत्री सुरेश खन्ना और भाजपा सांसद अरुण सागर के हस्तक्षेप के बाद रामलीला मैदान की टूटी दीवार की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। तीन दिन से चल रहा व्यापारियों और रामलीला कमेटी के सदस्यों का धरना समाप्त हो गया। दोनों नेताओं ने जिलाधिकारी की मौजूदगी में व्यापारियों की मांगें सुनीं और तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए।
खुदागंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को कुछ लोगों ने रामलीला मैदान की दीवार तोड़ दी थी। इसके विरोध में स्थानीय व्यापारियों और रामलीला कमेटी के सदस्यों ने बाजार बंद कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था।
शुक्रवार को भी धरना जारी रहा और स्थानीय अधिकारियों के हस्तक्षेप के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका। शनिवार को स्थानीय भाजपा विधायक और अन्य दलों के नेताओं ने भी व्यापारियों का समर्थन किया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।
रविवार को वित्तमंत्री सुरेश खन्ना और भाजपा सांसद अरुण सागर शाहजहांपुर मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने एक बैठक की, जिसमें व्यापारियों और कमेटी सदस्यों ने रामलीला मैदान की दीवार के निर्माण की मांग रखी। वित्तमंत्री और सांसद ने मामले को गंभीरता से सुना। उनके हस्तक्षेप के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर रामलीला की पूरी दीवार की मरम्मत के निर्देश दिए गए, जिसके तुरंत बाद मौके पर मजदूर लगाकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया।
स्थानीय लोगों ने वित्तमंत्री और सांसद अरुण सागर का आभार व्यक्त किया है। स्थानीय नेता सत्यभान भदौरिया और स्थानीय लोगों ने धन्यवाद देते हुए कहा कि यह क्षेत्र के लोगो की मेहनत का परिणाम है कि आज यह कार्य हो पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग दीवार तोड़कर रामलीला की जगह का व्यापारिक उपयोग करना चाहते थे, उनके मंसूबे विफल हो गए।
सांसद अरुण सागर ने बताया कि खुदागंज में रामलीला मैदान की दीवार तोड़ने के विरोध में धरना चल रहा था। उनके पास इसकी सूचना दी गई थी। उन्होंने कहा कि वित्तमंत्री और उनके सामने मुद्दे को उठाया गया। इस पर गंभीरता के साथ मंथन किया गया और तत्काल दीवार उठाने के निर्देश दिए गए। उन्होने कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नही किया जाएगा। ये मंशा उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी पहले साफ कर चुके हैं।
Suresh Kumar Khanna Arun Kumar Sagar