शाहनगर पुलिस की बड़ी सफलता: 5 माह से लापता नाबालिग को सकुशल किया दस्तयाब, 10 गुम मोबाइल भी लौटाए
शाहनगर। शाहनगर पुलिस ने जनसेवा और तत्परता का परिचय देते हुए दो महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं। एक ओर करीब 5 माह से लापता नाबालिग बालक को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सौंपा गया, वहीं दूसरी ओर तकनीकी सहायता से 10 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस किया गया।
थाना प्रभारी परसराम डाबर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास, तकनीकी जांच और साइबर समन्वय के माध्यम से लापता बालक का पता लगाकर उसे सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया। लंबे समय बाद बालक के मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है और परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इसी क्रम में गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 10 मोबाइल बरामद कर संबंधित हितग्राहियों को सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कई लोगों ने बताया कि उन्हें अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी।
थाना प्रभारी परसराम डाबर ने बताया कि आमजन की सुरक्षा, सहायता और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पुलिस टीम लगातार तकनीकी संसाधनों और समन्वय के माध्यम से ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
इस सराहनीय कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक रंजीत कुजूर, आरक्षक राकेश सिंह सहित थाना शाहनगर का पुलिस बल सक्रिय रूप से शामिल रहा। शाहनगर पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
#शाहनगर_पुलिस #पन्ना_पुलिस #गुमशुदा_बालक #पुलिस_की_बड़ी_सफलता #गुम_मोबाइल_बरामद #साइबर_सेल_पन्ना #जनसेवा #मध्यप्रदेश_समाचार #शाहनगर #PannaNews #GoodPolicing #BreakingNews