संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, जहर खाने की आशंका
हरदोई अतरौली। थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीया विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार दोपहर हरदोई मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में चिकित्सकों ने महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान अतरौली थाना क्षेत्र के बिजौली गांव निवासी फूल कुमारी (20) के रूप में हुई है। मृतका के पिता श्रीराम ने बताया कि फूल कुमारी की शादी दो वर्ष पूर्व जुगराजपुर निवासी अजय के साथ हुई थी। उसके परिवार में पति और एक वर्ष की मासूम बेटी है। मृतका के पिता श्रीराम और उनकी पत्नी हीरामणि दिल्ली में मजदूरी करते हैं और हाल ही में गांव वापस लौटे थे।
अस्पताल ले जाते समय बिगड़ी हालत
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह फूल कुमारी की अचानक तबीयत खराब हो गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एंबुलेंस से कोथावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे डॉक्टरों ने फूल कुमारी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Hardoi, Hardoi | Jul 28, 2026