पुलिस स्मृति दिवस पर भिवानी पुलिस ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, एसपी मयंक मिश्रा आईपीएस ने शहीद पुलिस अधिकारी व कर्मचारीयों के परिवारजनो से की मुलाकात।*
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज पुलिस लाईन भिवानी स्थित शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस ने सर्वप्रथम शहीद पुलिसकर्मियों के स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। इसके बाद पुलिस विभाग की टुकड़ी ने शहीद जवानों को सलामी दी तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर उनके सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
*हॉट स्प्रिंग्स की घटना से जुड़ा है पुलिस स्मृति दिवस*
एसपी मयंक मिश्रा ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शहीद परिवारों के सदस्यों को संबोधित करते हुए बताया कि पुलिस स्मृति दिवस प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में भारत की सीमा की निगरानी कर रहे पुलिस दल पर चीनी सैनिकों ने हमला किया था। इस घटना में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हो गए थे। इन वीर जवानों की शहादत की स्मृति में वर्ष 1960 से 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा का प्रतीक है।
इस अवसर पर एसपी ने शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का स्मरण करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों का साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण प्रत्येक पुलिसकर्मी के लिए प्रेरणास्रोत है। पुलिसकर्मियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
*भिवानी पुलिस के वीर शहीदों का सर्वोच्च बलिदान*
**1. शहीद राव रणबीर सिंह, एचपीएस, डीएसपी:** गांव दिनोद, जिला भिवानी निवासी राव रणबीर सिंह ने पुलिस सेवा के दौरान अदम्य साहस का परिचय दिया। लूट की वारदात के आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते समय बदमाशों की गोलीबारी का बहादुरी से मुकाबला करते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए।
**2. शहीद सिपाही राजेश कुमार:** गांव धनाना, जिला भिवानी निवासी सिपाही राजेश कुमार 10 जनवरी 2004 को गुरुग्राम में बंदियों को अदालत में पेश करने जा रही पुलिस पार्टी के साथ तैनात थे। अदालत के पास बदमाशों द्वारा गोलीबारी किए जाने पर उन्होंने बहादुरी से मुकाबला किया और कर्तव्य निभाते हुए शहीद हो गए। उनकी वीरता के लिए भारत सरकार द्वारा उन्हें पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।
**3. शहीद सिपाही सत्यवान:** गांव मिताथल, जिला भिवानी निवासी सिपाही सत्यवान 22 मई 1992 को जिला कुरुक्षेत्र में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान आतंकवादियों के हमले में शहीद हो गए। देश की सुरक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
**4. शहीद ईएएसआई सुनील कुमार:** गांव बड़सी, जिला भिवानी निवासी ईएएसआई सुनील कुमार 27 अप्रैल 2026 को भिवानी से हांसी जा रही एक निजी बस में आग लगने की घटना के दौरान यात्रियों को बचाने के प्रयास में आग की चपेट में आ गए और वीरगति को प्राप्त हुए। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवता के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
*शहीद पुलिस कर्मचारियों के परिवारों से मुलाकात कर सहयोग का दिया भरोसा*
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से मुलाकात की, उनसे बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें सम्मानित किया। एसपी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि पुलिस विभाग उनके साथ खड़ा है और वर्तमान एवं भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहायता एवं सहयोग प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम में जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रबंधक, चौकी इंचार्ज, अपराध शाखाओं के इंचार्ज तथा अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
Bhiwani, Bhiwani | Oct 21, 2026