चित्रकूट: वाल्मीकि आश्रम लालापुर विवाद, प्रशासन की कार्रवाई पर पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा व क्षेत्रीय लोगों ने उठाए सवाल
नोट: भरत दास और प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। उनका पक्ष सामने आने पर समाचार को अपडेट किया जा सकता है।
चित्रकूट के असावर माता मंदिर स्थित वाल्मीकि आश्रम, लालापुर को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। क्षेत्रीय लोगों और कुछ श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया है कि आश्रम में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के बीच भरत दास द्वारा अशांति का माहौल बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि पिछले तीन महीनों से आश्रम में शांति का वातावरण था।
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि भरत दास को पहले ही कथित महंती और कथित ट्रस्ट के सचिव पद से हटाया जा चुका है तथा संत समाज द्वारा बहिष्कृत भी किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद प्रशासन उनकी बातों को प्राथमिकता दे रहा है।
क्षेत्रीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि भरत दास के विरुद्ध कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और प्रशासन से उनकी गिरफ्तारी तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने असावर माता मंदिर एवं वाल्मीकि आश्रम की गरिमा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वे आराध्य स्थल की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।