विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर डीएम का औचक निरीक्षण, अव्यवस्था पर जताई नाराजगी
Writing
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने शनिवार को विकासखंड जमुनहा क्षेत्र के कई विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर शिक्षा और पोषण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षण कार्य, मध्यान्ह भोजन, स्मार्ट क्लास, खेल सामग्री तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उच्च प्राथमिक विद्यालय (कंपोजिट) नासिरगंज के निरीक्षण में नामांकन के सापेक्ष विद्यार्थियों की उपस्थिति कम मिलने पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो बच्चे विद्यालय नहीं आ रहे हैं, उनके अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया जाए। डीएम ने मध्यान्ह भोजन, स्मार्ट क्लास संचालन, आयरन गोली वितरण तथा खेल सामग्री की भी जानकारी ली।
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय नासिरगंज काला के निरीक्षण में 155 पंजीकृत विद्यार्थियों के सापेक्ष 119 छात्र-छात्राएं उपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने बच्चों से गणित के प्रश्न हल कराकर शैक्षिक गुणवत्ता का आकलन किया। विद्यालय में कई छात्र-छात्राएं यूनिफॉर्म में नहीं मिले, जिस पर उन्होंने प्रधानाध्यापक को यूनिफॉर्म सुनिश्चित कराने तथा अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और रसोईघर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने को कहा।
आंगनबाड़ी केंद्र नासिरगंज काला के निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका केंद्र पर उपलब्ध न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पंजिकाएं और अभिलेख हर समय केंद्र पर उपलब्ध रहें, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बच्चों को समय से पोषाहार वितरित करने और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र नासिरगंज प्रथम में निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। केंद्र पर आंगनबाड़ी सहायिका अनुपस्थित मिली, जबकि बिजली और पंखे की व्यवस्था भी नहीं थी। कार्यकत्री पोषण ट्रैकर ऐप संचालित नहीं कर पा रही थी तथा कुपोषित बच्चों से संबंधित जानकारी भी सही ढंग से नहीं दे सकी। केंद्र पर वजन मापने की मशीन उपलब्ध नहीं थी और शौचालय अत्यंत जर्जर अवस्था में पाया गया। इन अव्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सहायिका एवं अन्य संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी शिक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने की अपील की।
DM Shravasti @highlight #ias #iasmotivation #iasofficer #Shravasti #Shravastinews #shravasti