जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं जिला समन्वयकों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न*
*लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण एवं सीडी रेशियो बढ़ाने के दिए निर्देश*
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं जिला समन्वयकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, पीएम सूर्य घर योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में लंबित आवेदनों की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी बैंक पात्र व्यक्तियों के ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण एवं स्वीकृति सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बैंक शाखाओं द्वारा 15 से कम ऋण आवेदन स्वीकृत किए गए हैं, उनकी सूचना शासन को भी उपलब्ध कराई जाए।
सीडी रेशियो की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं जिला समन्वयकों को ऋण वितरण में तेजी लाने तथा भारतीय रिजर्व बैंक के मानकों के अनुरूप जनपद का सीडी रेशियो बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन बैंकों का प्रदर्शन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं रहेगा, उनके साथ अलग से समीक्षा बैठक आयोजित की जाए।
पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत प्राप्त सभी पात्र आवेदनों का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों के खाते प्राथमिकता के आधार पर खोलने तथा उन्हें आवश्यकता के अनुरूप ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से बैंक योजनाओं में पूरी सक्रियता के साथ सहयोग करें, जिससे महिलाओं की आजीविका और स्वरोजगार को बढ़ावा मिल सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। लाभार्थियों से प्राप्त लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशीष कुमार, संबंधित बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक एवं जिला समन्वयक, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर।