"एक पौधा माँ के नाम" अभियान के तहत छात्राओं ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प
यमुनानगर, 27 जुलाई।
समग्र शिक्षा अभियान, यमुनानगर के जिला परियोजना अधिकारी के.एस. संधावा के नेतृत्व में आज मॉडल संस्कृति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जगाधरी में "एक पौधा माँ के नाम" पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की कक्षा 11वीं एवं 12वीं की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया।
कार्यक्रम की सबसे विशेष बात यह रही कि छात्राओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे इस वर्षा ऋतु में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएंगी तथा उसकी नियमित देखभाल तब तक करेंगी, जब तक वह एक सुदृढ़ वृक्ष का रूप न ले ले। छात्राओं का यह संकल्प पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी जागरूकता और जिम्मेदारी का प्रेरणादायी उदाहरण बना।
विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद जावेद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी के.एस. संधावा ने कहा कि वर्षा ऋतु पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय होता है, क्योंकि इस मौसम में लगाए गए पौधों की वृद्धि तेज़ होती है तथा उनके जीवित रहने की संभावना भी अधिक रहती है। उन्होंने कहा कि यदि आज हम सभी मिलकर पौधारोपण करेंगे और पौधों का संरक्षण करेंगे, तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर और वरदान सिद्ध होगा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं नागरिकों से पौधारोपण को जन-आंदोलन बनाने तथा प्रत्येक पौधे की जिम्मेदारी के साथ देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया।