🚨 देवरिया में सड़क निर्माण पर डीएम सख्त, 55% काम पर जताई नाराजगी
हाटा-देवरिया मार्ग के निर्माण में शिथिलता मिलने पर अधिकारियों को लगाई फटकार, गुणवत्ता जांचने के लिए मौके पर खुदाई और सड़क की चौड़ाई की कराई माप
#देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जनपद की दो प्रमुख सड़क निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हाटा-देवरिया मार्ग के निर्माण कार्य में धीमी प्रगति और कई कमियां मिलने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाई।
हाटा-देवरिया मार्ग का निर्माण 74 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। मार्च 2026 में शुरू हुई इस परियोजना की पूर्णता तिथि मई 2027 निर्धारित है, लेकिन निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति करीब 55 प्रतिशत ही पाई गई। पेड़ों की मार्किंग नहीं होने, पोल शिफ्टिंग में देरी सहित अन्य कमियां मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम ने देवरिया-कसया बाईपास मार्ग वाया पीपरपाती, पिंडरा, रावतपुर, बैकुंठपुर और मधवापुर के सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। यहां करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा पाया गया और निर्माण की प्रगति संतोषजनक मिली। यह परियोजना 9 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से कराई जा रही है। इसका कार्य मई 2026 में शुरू हुआ था और जून 2027 तक पूरा किया जाना निर्धारित है।
दोनों परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर खुदाई कराकर निर्माण की गुणवत्ता की जांच की और सड़क की चौड़ाई की माप भी कराई। उन्होंने अधिकारियों और अभियंताओं को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
#Deoria #DeoriaNews #DMDeoria #MadhusudanHulgi #RoadConstruction #PWD #DeoriaPost
Salempur, Deoria | Sep 17, 2026