झाड़ोल: 8 दिन से लापता नाबालिग का शव कुएं से बरामद, नागरिक सुरक्षा टीम ने निकाला बाहर
झाड़ोल (उदयपुर)। जिले के झाड़ोल उपखंड के बागपुरा थाना क्षेत्र में करीब आठ दिन पहले घर से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव गांव के एक खुले कुएं से बरामद हुआ। शव मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, परिजन और पुलिस पिछले आठ दिनों से नाबालिग की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान घर से करीब 300 फीट दूर बिना मुंडेर वाले एक गहरे कुएं की तलाशी लेने पर उसमें शव तैरता हुआ दिखाई दिया। कुआं अधिक गहरा होने के कारण ग्रामीण शव को बाहर निकालने में सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलने पर राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग, उदयपुर के उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश एवं सहायक प्रशासनिक अधिकारी धनेंद्र कश्यप के मार्गदर्शन में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकालकर बागपुरा थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
रेस्क्यू टीम में गोताखोर विपुल चौधरी, विजय नकवाल, नरेश चौधरी, भवानी शंकर वाल्मीकि, हीरालाल प्रजापत तथा वाहन चालक कैलाश मेनारिया शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मुस्कान पुत्री प्रभुलाल (16 वर्ष), निवासी बागपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
Girwa, Udaipur | Jul 31, 2026