शामगढ़ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल का भूमि पूजन संपन्न
शामगढ़। नगर के श्री कुशाभाऊ ठाकरे बस स्टैंड पर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना के लिए नगर परिषद द्वारा भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग और नगर परिषद अध्यक्ष कविता यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि भगवान राम, कृष्ण और रामदेव बाबा की तरह डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भी देश को सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने समाज में समानता और एकता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विधायक हरदीप सिंह डंग ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान निर्माण के साथ देशवासियों को शिक्षित होने तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।
नगर परिषद अध्यक्ष कविता यादव ने कहा कि परिषद द्वारा नगर में महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित कर उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके जीवन से प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद प्रतिमा स्थल का विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री महेश जूनवाल, शांतिलाल मालवीय, विजय अटवाल, नगर परिषद उपाध्यक्ष डालीबाई जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगरवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन नगर परिषद एल्डरमैन मुकेश दानगढ़ ने किया। आभार मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेश कुमार यादव ने व्यक्त किया।