काशी के लिए 25 हजार करोड़ की परियोजनाओं को मिली मंजूरी, भाजपाइयों ने मनाई खुशी
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा काशी के लिए लगभग 25 हजार करोड़ रुपये की मेगा परियोजनाओं को मंजूरी मिलने पर बुधवार शाम की शाम करीब 04 बजे केशरीपुर (रोहनिया) स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाई बांटी गई और एक-दूसरे को बधाई दी गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया और वाराणसी भाजपा जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल ने किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से काशी के विकास को नई गति मिलेगी।
जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल ने कहा कि शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए प्रस्तावित वरुणा एवं गंगा रिवर एलिवेटेड कॉरिडोर सहित अन्य परियोजनाएं केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पर्यटन, व्यापार और धार्मिक महत्व की दृष्टि से भी काशी को नई पहचान देंगी। इससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर जिला महामंत्री प्रवीण सिंह गौतम, संजय सोनकर, सुरेंद्र सिंह पटेल, जेपी दूबे, संजीव सिंह गौतम, अरविंद पटेल, उषा मौर्या, अश्वनी पांडेय, विजय राज यादव, अभिषेक त्रिपाठी 'सुमित' सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।