मुजफ्फरपुर में बाढ़ की स्थिति के बीच देर शाम डीएम और ग्रामीण एसपी रतनपुर डीही तटबंध पर पहुंचे।
सरैया प्रखंड के रतनपुर डीही तटबंध का जिलाधिकारी कुमार गौरव और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने तटबंध की स्थिति, जलस्तर और आसपास की बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।
मौके पर मौजूद अधिकारियों और अभियंताओं से तटबंध के संवेदनशील स्थलों और जल प्रवाह से जुड़ी जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने तटबंध की लगातार निगरानी करने और कहीं भी कटाव या क्षति की स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीएम ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने और 24 घंटे निगरानी बनाए रखने को कहा। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मानव बल, संसाधन और बचाव सामग्री उपलब्ध रखने का भी निर्देश दिया गया।
वहीं, बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रभावित लोगों तक समय पर राहत पहुंचाने, सामुदायिक रसोई में गुणवत्तापूर्ण भोजन और पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने भी तटबंध और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा पुलिस को स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया।
फिलहाल प्रशासन की नजर रतनपुर डीही तटबंध और आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों पर बनी हुई है।
तिरहूत न्यूज़ — तिरहूत की आवाज, जनता की जुबानी।
Bihar, India | Oct 1, 2026