देवभूमि खेल महोत्सव-2026: खेल और संस्कृति का महाकुंभ, 21 जून से शुरू होगा प्रतिभा चयन अभियान
देवरिया। जिले की खेल एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को नया मंच देने के उद्देश्य से देवभूमि खेल महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन 18 एवं 19 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इस महोत्सव का आयोजन खेल जगत फाउंडेशन, उत्तर प्रदेश द्वारा एस.एस. मॉल, देवरिया के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम का पहला ऑडिशन एवं प्रतिभा चयन कार्यक्रम 21 जून को आयोजित होगा।
महोत्सव के आयोजक एवं खेल जगत फाउंडेशन के जिला महासचिव रामकेश सिंह ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं और बच्चों की खेल तथा सांस्कृतिक प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
महोत्सव में कबड्डी, खो-खो, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, क्रिकेट, एथलेटिक्स और फुटबॉल जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत मेहंदी, रंगोली, ड्राइंग, डांस, सिंगिंग, मॉडलिंग और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिससे विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को साइकिल, द्वितीय स्थान पर स्पोर्ट्स किट और तृतीय स्थान पर स्पोर्ट्स बैग प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा सभी उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि देवभूमि खेल महोत्सव जिले के उभरते खिलाड़ियों और कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर होगा। इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित तिथि से पहले अपना पंजीकरण कराकर इस महोत्सव का हिस्सा बन सकते हैं।
Deoria, Deoria | Jun 10, 2026