🔳मिशन वात्सल्य के तहत शासकीय माध्यमिक शाला धपई में जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित
🔳पॉक्सो अधिनियम एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के प्रति किया जागरूक
🔳कटनी- बाल सुरक्षा एवं संरक्षण सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और जागरूकता के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा निरंतर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मिशन वात्सल्य अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला धपई में बाल संरक्षण एवं सुरक्षा विषय पर जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती, बाल कल्याण समिति कटनी के अध्यक्ष श्री योगेश सिंह बघेल एवं बाल संरक्षण अधिकारी श्री मनीष तिवारी ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
*चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी*
सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती ने विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बताया कि मुसीबत में होने पर बच्चे इस टोल फ्री नंबर पर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा 24 घंटे, सातों दिन संचालित होती है। विद्यार्थियों को एकीकृत आपातकालीन रिस्पांस नंबर 112 के बारे में भी बताया गया।
*गुड टच-बैड टच और पॉक्सो अधिनियम पर जागरूकता*
बाल संरक्षण अधिकारी श्री मनीष तिवारी ने विद्यार्थियों को गुड टच एवं बैड टच की पहचान, बैड टच का विरोध करने तथा स्वयं को सुरक्षित रखने के उपाय बताए। उन्होंने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012 के बाल मित्र प्रावधानों एवं पॉक्सो ई-बॉक्स की जानकारी भी दी। साथ ही बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों से अवगत कराते हुए बताया कि विवाह के लिए बालिका की वैधानिक आयु 18 वर्ष और बालक की 21 वर्ष है। इससे कम आयु में विवाह करना बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध है।
*किशोर न्याय अधिनियम एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की दी जानकारी*
बाल कल्याण समिति कटनी के अध्यक्ष श्री योगेश सिंह बघेल ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड एवं विशेष किशोर पुलिस इकाई के कार्यदायित्व और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल युग में इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
Katni, Madhya Pradesh | Sep 15, 2026