#बालोतरा: ‘‘रक्षा का वचन’’ अभियान के तहत महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा।
बालोतरा पुलिस ने महिलाओं को दिलाई मतदान की शपथ।
महिला सुरक्षा एवं लोकतांत्रिक भागीदारी का दिया संदेश।
पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा श्री राजेश कुमार काॅवत आईपीएस ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर पुलिस एवं आमजन के मध्य बेहतर समन्वय, विश्वास एवं आत्मीयता स्थापित करने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं में पुलिस के प्रति सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रक्षा का वचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिले के समस्त पुलिस थानों एवं जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने पुलिस अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधकर सुरक्षा, विश्वास एवं आत्मीयता के इस विशेष अभियान को सार्थक बनाया। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने सुरक्षा के पारंपरिक संदेश को नागरिक जिम्मेदारी और मतदान के संकल्प से जोड़ा। कार्यक्रम में सुरक्षा सखियों, दिव्यांग महिलाओं, महिला यूथ सीएलजी सदस्यों, कामकाजी महिलाओं, आशा सहयोगिनियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला साथिनों, सफाईकर्मी, महिला नर्सिंगकर्मियों एवं विद्यालयों की छात्राओं सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मतदान की शपथ ली। पुलिस प्रशासन ने महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ उन्हें अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार काॅवत आईपीएस ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह और सुरक्षा का पर्व नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करने का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि बालोतरा पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक महिला एवं बालिका को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, महिला हेल्पलाइन, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर अपराधों से बचाव, राजकॉप सिटीजन ऐप तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं से किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
@policerajasthan
#RakshaBandhan #BalotraPolice #HappyRakshaBandhan #Rakhi #NariShakti
Barmer, Rajasthan | Aug 27, 2026