🚨 कन्नौज में दर्दनाक सड़क हादसा: रोडवेज बस ने 3 दोस्तों को कुचला, अस्पताल में तीनों की मौत
💔 जन्माष्टमी की झांकी देखकर बाइक से लौट रहे थे तीनों दोस्त
कन्नौज। गुरसहायगंज में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। तीनों युवक जन्माष्टमी की झांकी देखकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे के पूर्वी बाईपास पर डुडवाबुजुर्ग कट के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। टक्कर के बाद बस चालक घायलों को सड़क पर छोड़कर बस समेत मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान अनुराग (18) पुत्र बृजेश सिंह, आशीष (15) पुत्र गौरव सिंह, निवासी बैसनपुरवा और अमन (18) पुत्र घनश्याम, निवासी अमोलर के रूप में हुई है। तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार थे और झांकी देखने के बाद वापस बैसनपुरवा लौट रहे थे।
🚑 अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने का भी आरोप
घटना के बाद पुलिस ने तीनों गंभीर घायलों को गुरसहायगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल में उस समय ड्यूटी पर डॉक्टर मौजूद नहीं थे। डॉक्टर के आने में करीब 30 मिनट की देरी हुई। इसी दौरान तीनों युवकों ने दम तोड़ दिया।
ग्रामीण अमन सिंह का कहना है कि यदि समय पर डॉक्टर उपलब्ध होते तो संभव है कि एक या दो छात्रों की जान बचाई जा सकती थी।
👮 पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बस चालक की तलाश की जा रही है।
तीनों युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा है। बताया गया कि तीनों छात्र थे।
Hardoi, Hardoi | Sep 5, 2026