पिता परदेश में नौकरी, गांव में बेटा बना फौजी: कोल्हुआ का चंदन अग्निवीर बना
औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत खिरियावां स्थित कोल्हुआ गांव के बेटे ने भारतीय सेना में अग्निवीर बनकर परदेश में काम करने वाले पिता का सपना पूरा कर दिया। कोल्हुआ निवासी चंदन कुमार का चयन अग्निवीर सामान्य ड्यूटी के पद पर हुआ है।
चंदन के पिता मुन्ना यादव परिवार के लिए दूसरे प्रदेश में निजी नौकरी करते हैं। माता तारावंती देवी ने गांव में रहकर सीमित संसाधनों में बेटे की पढ़ाई पूरी कराई। चंदन ने 1 जुलाई 2025 को गया के श्रीय गणेश इनोवेटिव सेंटर पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी। सेना भर्ती कार्यालय गया और क्षेत्रीय भर्ती कार्यालय दानापुर के तहत उसका चयन हुआ है।
चयन की खबर सुनते ही परदेश में मौजूद पिता मुन्ना यादव भावुक हो गए। दूरभाष पर बोले, घर से दूर रहकर जो मेहनत की, बेटे ने उसका मान बढ़ा दिया। आज बहुत गर्व महसूस हो रहा है। कोल्हुआ गांव में खुशी का माहौल है।
जिला पार्षद विकास कुमार सूचना मिलते ही चंदन के घर पहुंचे। उन्होंने चंदन को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया, मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बोले, खिरियावां पंचायत का बेटा अब देश की सेवा करेगा। ये पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
अग्निवीर चंदन कुमार ने कहा, पापा की मेहनत और मां के त्याग से ही यहां तक पहुंचा हूं। अब फौज की वर्दी पहनकर देश की रक्षा करूंगा। चंदन की सफलता पर ग्राम पंचायत खिरियावां के मुखिया सविता देवी, मुखिया प्रतिनिधि रंजीत यादव, पैक्स अध्यक्ष संजय यादव, पूर्व पैक्स अध्यक्ष प्रतिनिधि सह राजद नेता रंजीत यादव, अभय कुमार शिकारी, कुलेन्द्र यादव, खिरियावां मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार, एएसओ बिमल कुमार, शिक्षक जय प्रकाश कुमार, शिक्षक विवेक कुमार यादव,वार्ड सदस्य प्रभु पासवान,अविनाश कुमार,विकास कुमार समेत अन्य लोगों ने बधाई दी है।
#Agniveer #ChandanKumar #Kolhua #Khiriyawan #Aurangabad #IndianArmy #BiharRegiment #ProudBihar #JaiHind #Agniveer
Madanpur, Aurangabad | Jun 7, 2026