सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 स्विमिंग चैंपियनशिप संपन्न: ब्राइट स्कॉलर स्कूल बना ओवरऑल चैंपियन, सिरसा में दिखा प्रतिभा का दम
- एमएसजी भारतीय खेल गांव में चार दिन तक चली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का रंगारंग समापन, छह राज्यों के तैराकों ने लिया हिस्सा
सिरसा।
एमएसजी भारतीय खेल गांव में आयोजित चार दिवसीय सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 बालक वर्ग स्विमिंग चैंपियनशिप का बुधवार को रंगारंग समापन समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सैकड़ों प्रतिभाशाली तैराकों ने विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में ब्राइट स्कॉलर स्कूल, सोनीपत ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। जीडी गोयनका स्कूल, झज्जर उपविजेता रहा, जबकि जीसस सेक्रेड हार्ट स्कूल, लुधियाना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सीटीएम अजय सिंह ने विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक और सम्मान प्रदान किए। विशिष्ट अतिथि के रूप में डेरा सच्चा सौदा के वाइस चेयरमैन डॉ. पीआर नैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों के प्रशासक चरणजीत सिंह इन्सां तथा स्पोर्ट्स हेड कोच नवजीत भुल्लर ने की। इस अवसर पर सीबीएसई ऑब्जर्वर डॉ. गार्गी, आयोजक विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शीला पूनिया इन्सां, शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिलावर सिंह तथा सेंट एमएसजी ग्लोरियस इंटरनेशनल स्कूल (बॉयज विंग) के प्राचार्य अजय धमीजा इन्सां भी मौजूद रहे। अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
खेल अनुशासन और स्वस्थ जीवन का आधार हैं: अजय सिंह
मुख्य अतिथि सीटीएम अजय सिंह ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली का आधार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत और हार दोनों को समान भाव से स्वीकार करने का आह्वान करते हुए कहा कि असफलता ही सफलता की पहली सीढ़ी होती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के भविष्य को अंधकारमय बना देता है। उन्होंने कहा कि डेरा सच्चा सौदा द्वारा विकसित एमएसजी भारतीय खेल गांव और शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों का खेल ढांचा हरियाणा के सर्वश्रेष्ठ खेल परिसरों में शामिल है। सीटीएम ने कहा कि अक्सर सिरसा को पिछड़ा जिला कहा जाता है, लेकिन एमएसजी भारतीय खेल गांव जैसी विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं इस धारणा को पूरी तरह बदल देती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने शाह सतनाम जी क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ी कनिष्क चौहान का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां का खेल वातावरण प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि कनिष्क पहले भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा बने, विश्व कप विजेता टीम में शामिल रहे और बाद में आईपीएल फ्रेंचाइजी आरसीबी तक पहुंचे।
मंगलवार को भी हुआ खिलाड़ियों का सम्मान
प्रतियोगिता के अंतिम चरण में मंगलवार शाम आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला और उप जिला शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार वर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। वहीं सुबह के सत्र में एईओ हरबंस सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इन खिलाड़ियों ने जीता बेस्ट स्विमर का खिताब
अंडर-19: ऑर्किड इंटरनेशनल स्कूल, सोनीपत के आर्यन वीर खत्री और आईशर स्कूल, फरीदाबाद के दर्श सिंह ने पांच-पांच स्वर्ण पदक जीतकर संयुक्त रूप से बेस्ट स्विमर का खिताब जीता।
अंडर-17: जीसस सेक्रेड हार्ट स्कूल, लुधियाना के ओजस सूंड ने पांच स्वर्ण पदकों के साथ अपने वर्ग में सर्वश्रेष्ठ तैराक बनने का गौरव हासिल किया।
अंडर-14: ब्राइट स्कॉलर स्कूल, सोनीपत के अनाव मलिक ने चार स्वर्ण पदक जीतकर बेस्ट स्विमर का सम्मान प्राप्त किया।
अंडर-11: हॉली चिल्ड पब्लिक स्कूल, सेक्टर-29 के विराट ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपने वर्ग में सर्वश्रेष्ठ तैराक का खिताब अपने नाम किया।
अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं ने जीता सभी का दिल
Sirsa, Sirsa | Jul 28, 2026