#रसूलाबाद तीन महीने पहले जिस घर में गूंज रही थीं शादी की खुशियां, आज उसी घर में मातम; सपना का अस्पताल जाने का सफर बना आखिरी सफर
तीन महीने पहले जिस घर में शादी की खुशियां थीं, ढोल-नगाड़ों की गूंज थी और नई दुल्हन के आने से परिवार में उत्साह था, उसी घर में मातम पसरा है। किसी ने नहीं सोचा था कि जिस सपना को उसका पति विनय और सास इलाज के लिए बाइक से सीएचसी रसूलाबाद लेकर जा रहे हैं, वह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
सपना की शादी इसी वर्ष जून में धन्नी निवादा निवासी विनय कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद सपना के परिवार और ससुराल में खुशियों का माहौल था। सपना गर्भवती थी और परिवार को आने वाले नन्हे मेहमान का बेसब्री से इंतजार था।बुधवार को विनय अपनी पत्नी सपना का अल्ट्रासाउंड कराने के लिए उसे बाइक से सीएचसी रसूलाबाद लेकर निकला। साथ में उसकी मां गुड्डी देवी भी थीं।
संजय नगर के समीप पहुंचते ही सामने से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। कुछ ही पल में परिवार की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। सड़क पर तीनों घायल पड़े थे। सपना भी गंभीर रूप से घायल थी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तीनों को सीएचसी रसूलाबाद पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल माती रेफर कर दिया।
लेकिन सपना जिंदगी की जंग नहीं जीत सकी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिस घर में कुछ महीने पहले सपना दुल्हन बनकर आई थी, उसी घर में अब उसकी मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया।
जिस मां की कोख में परिवार को नई जिंदगी की उम्मीद दिखाई दे रही थी, उसी मां की जिंदगी सड़क हादसे ने छीन ली। परिवार जिस बच्चे के आने का इंतजार कर रहा था, उसकी खुशियां भी सपना के साथ ही खत्म हो गईं।
हादसे के बाद रोडवेज बस चालक और परिचालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बस संख्या यूपी 77 एएन 1513 को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।*
तीन महीने की शादी, आने वाले बच्चे के सपने और परिवार की खुशियां... सब कुछ एक सड़क हादसे में बिखर गया। सपना का अस्पताल जाने वाला वह सफर परिवार के लिए जिंदगी भर का ऐसा दर्द छोड़ गया, जिसे शायद कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
#KanpurDehat #rasulabad