डोटासरा का आरोप—निर्दलीय प्रत्याशी के घर पुलिस भेजकर बनाया जा रहा दबाव, निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग
जयपुर। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने करौली नगर परिषद चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग और भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दलीय प्रत्याशियों पर दबाव बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
डोटासरा ने करौली नगर परिषद की निर्दलीय प्रत्याशी निरोती जाटव का मामला उठाते हुए कहा कि उन्होंने अपने और अपने परिवार की स्पष्ट सहमति से कांग्रेस के साथ जाने का फैसला किया है। उनके अनुसार, परिवार की ओर से किसी प्रकार की शिकायत नहीं होने के बावजूद पुलिस प्रशासन का उनके घर पहुंचना, पूछताछ करना और परिवारजनों को धमकाना गंभीर मामला है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने सवाल उठाया कि “कहां है निर्वाचन आयोग, ये कैसी तानाशाही है?” उन्होंने आरोप लगाया कि क्या भाजपा को अपनी हार का इतना डर है कि अब प्रत्याशियों के घर पुलिस भेजकर दबाव बनाया जा रहा है।
डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से कहा कि चुनाव मैदान में मुकाबला जनता के वोट से होना चाहिए, पुलिस की धमकी या प्रशासनिक दबाव से नहीं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के कई हिस्सों में निर्दलीय और जीत की संभावनाओं वाले प्रत्याशियों पर दबाव बनाने के मामले सामने आ रहे हैं।
उन्होंने निर्वाचन आयोग से पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेने, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा प्रत्याशी और उनके परिवार को भयमुक्त माहौल एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
डोटासरा ने अपने बयान में राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और भारत निर्वाचन आयोग को भी टैग करते हुए मामले में जवाब मांगा है।
Weir, Bharatpur | Sep 12, 2026