खराहण के पास दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी HRTC बस, परिचालक समेत दो की मौत
खराहण में मौत बनकर आई शाम: HRTC बस हादसे में परिचालक समेत दो की गई जान, कई घायल
शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। खोलीघाट–रामपुर मार्ग पर खराहण के गर टोलू क्षेत्र के समीप HRTC की बस (HP06A-6454) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे की सूचना शाम करीब 7:35 बजे थाना रामपुर पुलिस को प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रशासन, स्थानीय लोगों तथा अन्य राहत एजेंसियों के सहयोग से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में लगभग 24 यात्री सवार थे।
इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान 75 वर्षीय ढाकू राम, निवासी गांव शालू, डाकघर खराहण, तहसील ननखड़ी तथा 57 वर्षीय जगत प्रकाश, निवासी गांव गडोली, डाकघर सुन्नी, तहसील रामपुर के रूप में हुई है। जगत प्रकाश HRTC में परिचालक के पद पर कार्यरत थे।
हादसे में घायल हुए यात्रियों को उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (MGMSC) रामपुर भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस दुखद हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।