पंजाब कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष बने हॉकी दिग्गज परगट सिंह
- राजा वड़िंग की जगह संभाली कमान, चुनाव से कुछ महीने पहले पार्टी ने किया बड़ा बदलाव
चंडीगढ़, 2 अक्टूबर।
कांग्रेस ने शुक्रवार को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष के रूप में पूर्व हॉकी खिलाड़ी और जालंधर कैंट से कई बार विधायक रहे परगट सिंह को नियुक्त किया। उन्होंने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह ली है। वड़िंग ने 30 सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था।
परगट सिंह के चयन के साथ कांग्रेस ने पंजाब में जाट सिख नेतृत्व को बरकरार रखा है। इससे पहले राजा वड़िंग भी इसी समुदाय से आते थे। परगट सिंह लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहे हैं और कांग्रेस में शामिल होने से पहले शिरोमणि अकाली दल से जुड़े हुए थे।
यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से गुटबाजी चल रही है। पार्टी के भीतर राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थक खेमों के बीच मतभेद सामने आते रहे हैं।
सचिन पायलट को बनाया गया था पंजाब का प्रभारी
पार्टी ने पिछले महीने पंजाब के केंद्रीय प्रभारी में भी बदलाव किया था। कांग्रेस ने भूपेश बघेल की जगह राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया था। पार्टी के अंदरूनी विवादों के बीच पायलट की नियुक्ति को संगठन में संतुलन बनाने के प्रयास के तौर पर देखा गया।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय इंदर सिंगला समेत कई नेताओं के नाम चर्चा में थे। जाट सिख नेताओं में सुखजिंदर सिंह रंधावा, राणा केपी सिंह और सुखबिंदर सिंह सरकारिया के नाम भी सामने आए थे।
चुनाव से पहले संगठन में बदलाव
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले कांग्रेस का यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर पिछले कुछ महीनों से मतभेद चल रहे थे। जुलाई के बाद ये मतभेद और खुलकर सामने आए।
15 सितंबर को सचिन पायलट के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी और राजा वड़िंग लंबे समय बाद एक ही मंच पर नजर आए थे। इसी दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा था कि पार्टी चुनाव में मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा किए बिना मैदान में उतरेगी।
30 सितंबर को राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद अब कांग्रेस ने दो दिन के भीतर परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंप दी है।
Sirsa, Sirsa | Oct 2, 2026