मसूरी मॉल रोड पर अतिक्रमण हटाने गई पालिका टीम से भिड़ंत, पालिका कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
मसूरी मॉल रोड पर अवैध पटरी कारोबार के खिलाफ शनिवार देर रात चलाए गए नगर पालिका के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विवाद खड़ा हो गया। पालिका प्रशासन का आरोप है कि कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ महिलाओं और संजय टम्टा नामक व्यक्ति ने टीम को रोकने का प्रयास किया, अधिषासी अधिकारी और कर्मचारियों से अभद्रता की और जब्त सामान ले जा रहे वाहन को भी रोक दिया।
घटना के बाद नगर पालिका कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। कर्मचारी संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारी मसूरी कोतवाली पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने पुलिस को भेजे पत्र में सरकारी कार्य में बाधा, धमकी और अभद्रता के आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
म्सूरी नगर पालिका कर्मचारी संध के महामंत्री चंद्रप्रकाष बडोनी और संजीव कवि ने बताया कि इससे पहले भी संजय टम्टा द्वारा एक कर्मचारी को फोन पर धमकी दी गई थी, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग साक्ष्य के रूप में उपलब्ध है। उन्होने कहा कि कर्मचारी शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य कर रहे हैं, लेकिन ड्यूटी के दौरान धमकी और अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी कार्य बहिष्कार के लिए मजबूर होंगे।
वहीं मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने कहा कि कर्मचारियों के द्वारा शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ कानून के अपने हाथों में लेने का अधिकार किसी को नही है। व कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा उसे बख्शा नहीं जायेगा।
Mussoorie, Dehradun | Jun 21, 2026