👉#वायरल वीडियो पर भाजपा का सख्त रुख, पार्षदों को 3 दिन में स्पष्टीकरण का नोटिस
शिल्पी गुप्ता बोलीं - संतोषजनक जवाब न मिलने पर होगी कार्रवाई, महिलाओं का अपमान किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
शाहजहांपुर। नगर निगम के पार्षदों का गंगाजल हाथ में लेकर कथित तौर पर आमदनी की रकम बांटने की शपथ लेने वाला वायरल वीडियो लगातार तूल पकड़ रहा है। मामला प्रदेश स्तर तक पहुंचने के बाद भाजपा ने भी सख्त रुख अपनाया है।भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो में नजर आ रहे संबंधित पार्षदों को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो कब का है, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जवाब तलब किया गया है।शिल्पी गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि पार्षदों से मिलने वाले जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिला तो पार्टी स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।वहीं वायरल वीडियो में एक पार्षद द्वारा कथित तौर पर मां को लेकर अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि महिलाओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पूरे मामले में प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर ही आगे की रणनीति तय होगी।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Aug 28, 2026