*समाहरणालय, शेखपुरा*
*(जन सम्पर्क शाखा)*
*प्रेस विज्ञप्ति संख्या–693, दिनांक–05.11.2026*
*एसडीएम कार्यालय में माता-पिता भरण-पोषण के 10 वादों की सुनवाई*
माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण, संरक्षण तथा सम्मानजनक जीवन के अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 05.11.2026 को अनुमंडल कार्यालय में सुश्री प्रियंका कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी, शेखपुरा की अध्यक्षता में माता-पिता भरण-पोषण से संबंधित वादों की सुनवाई की गई।
सुनवाई हेतु कुल 27 वाद सूचीबद्ध किए गए थे, जिनमें 10 वादों में वादी एवं प्रतिवादी उपस्थित हुए। इस दौरान दोनों पक्षों की बातों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित मामलों में नियमानुसार सुनवाई की प्रक्रिया अपनाई गई।
सुनवाई में उपस्थित पक्षकारों से संबंधित वादों में नरेश महतो बनाम राजेश कुमार, चिंता देवी बनाम राजकरण एवं अन्य, श्री साव बनाम मुकेश कुमार एवं अन्य, रामविलास चौधरी बनाम संजय चौधरी एवं अन्य, भोला सिंह बनाम सच्ची कुमारी, चिंता देवी बनाम मंजू देवी, मंती देवी बनाम इंजु देवी, सौदागर दास बनाम राजकुमार दास एवं अन्य, छठू रजक बनाम प्रमोद रजक एवं अन्य तथा मो. अनवर बनाम इब्राहिम के मामले शामिल रहे।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी ने कहा कि माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल, सम्मान और सुरक्षा केवल पारिवारिक दायित्व नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी भी है। उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें अपनों के स्नेह, सहयोग और संरक्षण की सर्वाधिक आवश्यकता होती है। भरण-पोषण से संबंधित मामलों में प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पक्ष को निष्पक्ष सुनवाई का अवसर मिले तथा वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और सम्मान से किसी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि शेखपुरा अनुमंडल प्रशासन ऐसे मामलों के प्रति संवेदनशील है और वरिष्ठ नागरिकों को न्याय एवं संरक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
अनुमंडल प्रशासन द्वारा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित वादों की नियमित सुनवाई के माध्यम से उनके विधिक अधिकारों के संरक्षण एवं सुलभ न्याय की दिशा में निरंतर कार्रवाई की जा रही है, ताकि वे सम्मान, सुरक्षा एवं गरिमा के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकें।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
District Administration Sheikhpura
CMO Bihar
#samratchoudhary
#CMSamrat
2 views | Sheikhpura, Bihar | Nov 5, 2026