बछामदी में जलभराव की समस्या को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों की बैठक, शीघ्र समाधान का आश्वासन
नदबई। ग्राम बछामदी में छतरी के पास लंबे समय से बनी हुई जलभराव की समस्या को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पंचायत समिति के सहायक अभियंता कृषगोपाल शर्मा, कनिष्ठ अभियंता, सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र फौजदार तथा एएसआई रामसहाय के नेतृत्व में लखनपुर थाना पुलिस का जाप्ता भी मौके पर मौजूद रहा।
बैठक के दौरान जलभराव से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया गया तथा ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने बताया कि छतरी के पास काफी समय से पानी भरा हुआ है, जिससे आसपास रहने वाले कई परिवारों को आवागमन सहित दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों के सामने पानी जमा रहने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लेकर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक उपायों पर चर्चा की। सहायक अभियंता कृषगोपाल शर्मा एवं सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र फौजदार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, प्रशासनिक कर्मचारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर संतोष व्यक्त करते हुए जल्द राहत मिलने की उम्मीद जताई।
Weir, Bharatpur | Jun 10, 2026