लॉर्ड्स में बजा टीम इंडिया का डंका, इंग्लैंड को 270 रन से हराकर रचा इतिहास।
क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए इंग्लैंड को एकमात्र टेस्ट मैच में 270 रन के विशाल अंतर से हरा दिया। यह लॉर्ड्स के इतिहास का पहला महिला टेस्ट मैच था, जिसमें भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान अपने नाम किया।
457 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में महज 186 रन पर सिमट गई। चौथे दिन 130/6 के स्कोर से आगे खेलने उतरी मेजबान टीम को भारतीय गेंदबाजों ने संभलने का मौका नहीं दिया। स्नेह राणा ने एमी जोन्स (54) का अहम विकेट लेकर इंग्लैंड की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।
इसके बाद दीप्ति शर्मा ने इजी वॉन्ग और लॉरेन बेल को लगातार आउट कर इंग्लैंड की वापसी की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। सोफी एक्लेस्टोन ने 50 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन स्नेह राणा ने उनका विकेट लेकर भारत की ऐतिहासिक जीत पर मुहर लगा दी।
भारतीय टीम की जीत में यास्तिका भाटिया की शानदार बल्लेबाजी, स्नेह राणा की घातक गेंदबाजी और युवा तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के दमदार प्रदर्शन ने अहम भूमिका निभाई। इस ऐतिहासिक मुकाबले के दौरान महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी लॉर्ड्स में मौजूद रहे और इस यादगार पल के साक्षी बने।
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए ऐतिहासिक टेस्ट मैच में जीत के बाद टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर भावुक हो गई। उन्होंने सपोर्ट स्टाफ और अपनी टीम की खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। उनका कहना है कि भगवान से बेहतर स्क्रिप्ट कोई और नहीं लिख सकता है।
कौर ने सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जमकर तारीफ की है। उनका मानना है कि ओपनर्स ही टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत हैं।
इसके अलावा भारतीय कप्तान ने गेंदबाज क्रांति गौड़ की भी खूब सराहना की है। गौरतलब है कि पहली पारी में क्रांति ने 5 विकेट हासिल किए थे, जिससे इंग्लैंड की टीम 170 रनों पर सिमट गई थी और भारत ने पहली पारी में बढ़त हासिल कर ली थी।
पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में कौर से सवाल किया गया कि क्या वे इससे बेहतर स्क्रिप्ट लिख सकती थीं? इसका जवाब देते हुए भारतीय कप्तान ने कहा, "बिल्कुल नहीं। भगवान बेहतर स्क्रिप्ट लिखते हैं। उन्होंने इसे बहुत अच्छे से लिखा है।"
टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए कौर ने कहा, "मुझे लगता है कि हमारे ओपनर्स हमारी ताकत रहे हैं। जिस तरह से उन्होंने पहले हाफ में बैटिंग की, वो बहुत खास था। वे अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं और सारा प्रेशर हटा देते हैं। इस टेस्ट मैच में भी जिस तरह से उन्होंने बैटिंग की, वो देखने में शानदार था।"
भारतीय महिला क्रिकेट टीम टेस्ट मैच बहुत ही कम खेलती है। इसके बावजूद इंग्लैंड में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसका श्रेय कौर ने सपोर्ट स्टाफ को दिया है।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि ये हमारी पूरी टीम की मेहनत है। खासकर हमारे सपोर्ट स्टाफ की। उनमें से कई लोगों ने बहुत टेस्ट क्रिकेट खेला है। उन्हें पता है कि टेस्ट क्रिकेट को कैसे चलाना है, जिससे वे हमेशा अपना फीडबैक देते रहते हैं। पिछली कुछ सीरीज हमारे लिए खास नहीं रही लेकिन मैं अमोल सर और पूरे सपोर्ट स्टाफ को क्रेडिट देना चाहती हूं कि उन्होंने हमें एक रखा।"
भारत और इंग्लैंड के बीच ये मुकाबला लॉर्ड्स में खेला गया। ये पहला मौका था, जब इन दोनों टीमों के बीच कोई टेस्ट मैच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक ग्राउंड पर खेला गया।
इस मुकाबले को भारत ने 270 रनों से अपने नाम कर लिया। पहली पारी में क्रांति ने 5 विकेट लिए, तो दूसरी पारी में भारत के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने शतक लगाया।
#HarmanpreetKaur #LordsHistory #JagranNews #INDWvsENGW
#TeamIndia #IndianWomenCricket #INDvsENG #Lords #HistoricWin #YastikaBhatia #SnehRana #KrantiGoud #DeeptiSharma #England #TestCricket #BreakingNews #SportsNews #CricketNews