बरगढ़। थाना क्षेत्र स्थित झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे में मुरका बार्डर पर अचानक टायर फटने से अनियंत्रित तेज रफ्तार बोलेरो की बाइक सवार को टक्कर लग गई। हादसे में घायल बाइक सवार को पुलिस ने आनन-फानन सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंच गए।
बोझ निवासी 32 वर्षीय बुद्धसेन आदिवासी रविवार की शाम करीब पांच बजे बाइक से किसी काम को लेकर शंकरगढ़ की तरफ जा रहा था। मुरका बार्डर पर प्रयागराज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो का अचानक टायर फट गया। जिससे अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर लगने से बाइक सवार बुद्धसेन गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से भाग निकला। ग्रामीणो से हादसे की जानकारी मिलने पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल बुद्धसेन को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी मऊ पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के दो बेटियां है। पत्नी रन्नू देवी समेत परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक रीता सिंह ने बताया कि बोलेरो का अचानक टायर फटने से बाइक सवार को टक्कर लगने की जानकारी स्थानीय लोगों ने दी है। घायल को अस्पताल ले जाया गया था। जहां मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।