दस दिनों से नलकूपों की बिजली ठप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
जासं, चित्रकूट : राजापुर तहसील क्षेत्र के सिघौली गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी पुलकित गर्ग को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि पहाड़ी पावर हाउस से उनके खेतों में संचालित नलकूपों के लिए विद्युत आपूर्ति की जाती है, लेकिन पिछले दस दिनों से नलकूपों की बिजली पूरी तरह बाधित है। इससे धान की नर्सरी सूखने लगी है और किसानों के सामने फसल बचाने का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं कराई गई है। सिंचाई ठप होने से खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इसी समस्या को लेकर इससे पहले सदर विधायक अनिल प्रधान ने भी राजापुर में प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल कराने और किसानों को राहत दिलाने की मांग की है।