‘स्मार्ट मीटर नहीं, स्मार्ट लूट’ के आरोप, कांग्रेस ने बिजली कंपनी के खिलाफ खोला मोर्चा...
ग्वालियर में स्मार्ट मीटरों को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोलते हुए रोशनी घर बिजली कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। नदी गेट महल से निकली रैली में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिजली बिल थमाए जा रहे हैं और मीटर लगाने में भी राजनीतिक भेदभाव किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिन क्षेत्रों में कांग्रेस विधायक हैं, वहां पहले स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जबकि ऊर्जा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र को इससे दूर रखा गया है। रोशनी घर पहुंचकर कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और बिजली कार्यालय को सुरक्षा घेरे में रखा गया।
Gwalior Gird, Gwalior | Jun 15, 2026